उत्तराखंड में बारिश को लेकर अलर्ट, 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, आकाशीय बिजली का भी खतरा

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में बारिश को लेकर अलर्ट, 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, आकाशीय बिजली का भी खतरा

Weather Rain Alert


देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।

 

 

अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ ही गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं छह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना

प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर बारिश बेहद तीव्र हो सकती है। मौसम विभाग ने खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के अचानक करवट लेने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ सकता है खतरा

लगातार बारिश के दौरान पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं सामने आ सकती हैं। इससे सड़क मार्ग और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और सड़क मार्गों की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन और संबंधित विभागों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों के आसपास जाने से बचना भी जरूरी है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे