यूट्यूबर और बाइक राइडर आशु UK Rider की मौत, 22 लाख की बाइक की डिलीवरी लेकर लौट रहा था
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) सोशल मीडिया पर ‘आशु UK Rider’ के नाम से चर्चित यूट्यूबर और बाइक राइडर आस मोहम्मद उर्फ आशु की सड़क हादसे में मौत हो गई।
हादसा शुक्रवार सुबह बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास हुआ। आशु अपनी नई स्पोर्ट्स बाइक Kawasaki ZX-10R से देहरादून से पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशु बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
27 अगस्त को खरीदी थी करीब 22 लाख की नई बाइक
जानकारी के मुताबिक, आस मोहम्मद ने हाल ही में 27 अगस्त को करीब 22 लाख रुपये की नई Kawasaki ZX-10R खरीदी थी। वह देहरादून से बाइक की डिलीवरी लेने के बाद हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हिंदूवाला के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हेलमेट पहना था, टक्कर में छिटककर निकला
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त आशु ने हेलमेट पहना हुआ था। हालांकि, डिवाइडर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और हेलमेट भी छिटककर निकल गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आशु की मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इनकार
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने समेत जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सोशल मीडिया पर थे लोकप्रिय
आस मोहम्मद सोशल मीडिया पर ‘आशु UK Rider’ के नाम से काफी लोकप्रिय थे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 9 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह अक्सर बाइक राइडिंग, स्पीड और स्टंट से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते थे। आशु की अचानक हुई मौत की खबर से उनके परिवार, दोस्तों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स में शोक की लहर है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







