बड़ा हादसा- गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 3 सगे भाइयों समेत 7 लोगों की मौत
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई।
चुराह उपमंडल के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन सगे भाइयों समेत वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बुधवार देर रात करीब दो बजे छतरूंड के पास हुई। बोलेरो (एचपी-01सी-2581) में ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के छह लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। इनके अलावा वाहन चालक भी गाड़ी में मौजूद था। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि छतरूंड के समीप वाहन चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे और दुर्गम क्षेत्र के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
एडिशनल एसपी चंबा दिनेश कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक ही गांव के सात लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। खासकर तीन सगे भाइयों के एक साथ निधन से परिवार और गांव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतकों की सूची
- चुनी लाल (65) पुत्र परस राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, चंबा.
- देवी लाल (62) पुत्र परस राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, चंबा.
- मोती राम (50) पुत्र परस राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, चंबा.
- बबली देवी (45) पत्नी मोती राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, चंबा.
- कुंता देवी (53) पत्नी कर्म सिंह, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, चंबा.
- अनीता कुमारी (20) पुत्री धर्म सिंह, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, चंबा.
- मनोहर लाल (34) पुत्र धरो, चालक, गांव टोपड़ा, डाकघर झुलाड़ा, चंबा.
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






