CJP Protest: राजकुमार राव ने छात्रों के प्रदर्शन का किया समर्थन, बोले- 'युवाओं की आवाज सुनना जरूरी'
दिल्ली( उत्तराखंड पोस्ट) दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP छात्रों के प्रदर्शन को लेकर अब बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए युवाओं की बात सुनने और शांतिपूर्ण संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
राजकुमार राव ने शेयर किया भावुक संदेश
राजकुमार राव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा नोट साझा करते हुए लिखा कि जब युवाओं को यह महसूस होने लगे कि उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही है, तो यह पूरे समाज के लिए चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की बात को सम्मान, निष्पक्षता और गरिमा के साथ सुना जाना चाहिए। अभिनेता ने अपने संदेश में शांति बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने लिखा कि किसी भी पक्ष से होने वाली हिंसा केवल हालात को और जटिल बनाती है, जबकि समस्याओं का स्थायी समाधान बातचीत और संवेदनशीलता से ही संभव है।
"बातचीत से निकलेगा समाधान"
राजकुमार राव ने छात्रों से शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे खुले मन से छात्रों की मांगों को सुनें और संवेदनशील रवैया अपनाएं।उन्होंने लिखा कि टकराव की बजाय संवाद ही किसी भी विवाद का सबसे प्रभावी समाधान होता है। अभिनेता के मुताबिक, देश की प्रगति एक मजबूत और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है और इसी दिशा में सभी को मिलकर काम करना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक जैसे मामलों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। 20 जुलाई को आयोजित 'संसद चलो' मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के आरोपों के बाद यह आंदोलन और चर्चा में आ गया। इसके बाद कई फिल्मी हस्तियों ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कई सेलिब्रिटीज ने जताया समर्थन
राजकुमार राव के अलावा शबाना आजमी, प्रकाश राज और प्रतिभा रांटा सहित कई कलाकारों ने भी छात्रों की आवाज सुने जाने की बात कही है। इन सभी ने निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था और बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







