पंचकूला में CM धामी ने लगाए चौके-छक्के, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

  1. Home
  2. Country

पंचकूला में CM धामी ने लगाए चौके-छक्के, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी


पंचकूला(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित नमो क्रिकेट लीग में पहुंचे। ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खुद बल्ला थामा और गेंद को शानदार शॉट लगाकर बाउंड्री के पार पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल के मैदान में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की।

मैच के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने गेंदबाजी की, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने बल्लेबाजी करते हुए जोरदार शॉट लगाया। उनके इस अंदाज ने मैदान में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ा दिया।

युवाओं को दिलाई नशे के खिलाफ शपथ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा खेल, स्वस्थ जीवन तथा राष्ट्र निर्माण में लगाएं।

धामी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने के बजाय खेल के मैदान में नजर आना चाहिए। उनके मुताबिक, खेल अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, स्वास्थ्य, रोजगार और राष्ट्र गौरव का माध्यम भी बन चुका है।

खेलों में बढ़ रही युवाओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के संसाधनों और सुविधाओं को बढ़ाने पर लगातार काम हुआ है। इसका परिणाम है कि छोटे-छोटे गांवों से निकलने वाले खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और पदक जीत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब भारतीय खिलाड़ी पदक जीतते हैं, तिरंगा लहराता है और राष्ट्रगान बजता है, तो हर देशवासी गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

‘लत लगानी है तो खेल की लगाएं’

पंचकूला में युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि अगर जीवन में कोई लत लगानी है तो वह खेल की होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाने का सपना देखने की अपील की।

धामी ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार को भी प्रभावित करता है और समाज पर इसका व्यापक असर पड़ता है। इसके विपरीत खेल युवाओं को अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच की दिशा देता है।

उन्होंने कहा कि एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा, परिवार सुरक्षित रहेगा तो समाज मजबूत होगा और मजबूत समाज से देश भी मजबूत बनेगा। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लेने का आह्वान किया।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे