बारिश वाली अच्छी ख़बर | समझिए मानसून की रफ्तार, दो दिन यहां जमकर बरसेंगे बदरा

  1. Home
  2. Country

बारिश वाली अच्छी ख़बर | समझिए मानसून की रफ्तार, दो दिन यहां जमकर बरसेंगे बदरा

Rain

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 23 और 24 जून को कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। मतलब उत्तराखंड के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।


 

नई दिल्ली (उत्तराखंड पोस्ट) देशभर के कई राज्यो में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। कई राज्यों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी की गई है। उत्तराखंड, दिल्ली, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों के लोग मानसून की बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, गुजरात-महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गांगेय और उपहिमालयी पश्चिम बंगाल में 3-4 दिन में मानसून पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्से और ईस्ट UP में भी अगले 3-4 दिन में मानसून पहुंच सकता है। 7-8 दिनों में यह पूरे UP को कवर कर लेगा। वेस्टर्न UP के जिलों और जम्मू में कल से 26 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश होगी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 23 और 24 जून को कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। मतलब उत्तराखंड के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मानसून कहां-कहां पहुंचा

दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। इसके चलते उत्तर भारत में हीटवेव चल रही है।

मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था।

18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था।

आगे कैसा रहेगा मौसम

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 5 दिन 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हल्के से मध्यम स्तर की बारिश भी हो सकती है।

बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। झारखंड, बिहार, ओडिशा, अंडमान-निकोबार में अगले 5 दिन 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होगी।

गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तराखंड में बारिश होगी। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से हवा चलेगी। वेस्टर्न उत्तर प्रदेश और जम्मू के इलाकों में हीटवेव का दौर जारी रहेगा।

गर्मी से राहत

इस बीच दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में अचानक मौसम का मिजाज बदला है। देश के कई राज्यों में प्री मानसून की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। जिसके बाद लोगों ने भीषण गर्मी से थोड़ी राहत महसूस की है।

राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिल पाई है, तो वहीं लू की मार झेल रहे उत्तर भारत में पिछले 24 घंटों में तेज अंधड़ व झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटों में प्री मानूसन और पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में तेज आंधी व बारिश हुई। आईएमडी ने बताया कि इस विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के चलते जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे