दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी के आवास पर इगास बग्वाल की धूम, अमित शाह और सीएम धामी हुए शामिल

  1. Home
  2. Country

दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी के आवास पर इगास बग्वाल की धूम, अमित शाह और सीएम धामी हुए शामिल

anil


 

नई दिल्ली (Uttarakhand Post) स्थित गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी के आवास पर उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा माहौल देवभूमि की लोकसंस्कृति, भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊं की थाप से सराबोर नजर आया।

  • अमित शाह ने किया शुभारंभ: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पर्व की शुरुआत की। आयोजन में योगगुरु बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, आचार्य अवधेशानंद गिरि और बागेश्वर धाम सरकार सहित कई साधु-संत शामिल हुए।
  • शीर्ष नेतृत्व व दिग्गजों की मौजूदगी: समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, पीयूष गोयल ने शिरकत की। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रहे।
  • लोकसंस्कृति की जीवंत झलक: उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ों से आए लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों और नृत्य की प्रस्तुति देकर दिल्ली में पहाड़ जैसा वातावरण बना दिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।


अमित शाह (केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री):

समारोह में शामिल होने के बाद अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (@AmitShah) पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं की सराहना की। उन्होंने समस्त देशवासियों और उत्तराखंड के लोगों को लोकपर्व इगास-बग्वाल की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए इस सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रयासों की प्रशंसा की।


नितिन नवीन (भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष):

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (@NitinNabin) ने भी 'X' पर इगास-बग्वाल को हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का प्रतीक बताते हुए सभी को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।


अनिल बलूनी (सांसद, गढ़वाल):

"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और प्रयासों से उत्तराखंड की इस समृद्ध लोक परंपरा को देश-विदेश में नई पहचान और व्यापक सम्मान मिला है। इगास जैसे आयोजन प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी मिट्टी और जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ पहाड़ों से पलायन रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भैलो की रोशनी, ढोल-दमाऊं की थाप और पहाड़ की आत्मीयता से हमारा उत्तराखंड सदैव जगमगाता रहे।"

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इगास हमारी सामाजिक एकता, सामूहिकता और पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोने का पर्व है, और राज्य सरकार इसके संरक्षण व संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे