दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का निधन, 49 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
भारतीय निशानेबाजी जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पद्मश्री से सम्मानित देश के दिग्गज निशानेबाज और शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) भारतीय निशानेबाजी जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पद्मश्री से सम्मानित देश के दिग्गज निशानेबाज और शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
उन्होंने दिल्ली के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ समय पहले जसपाल राणा की स्टेंट सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके चलते उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से खेल जगत, खासकर निशानेबाजी समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
मनु भाकर समेत कई खिलाड़ियों को दी ट्रेनिंग
जसपाल राणा ने 2012 के बाद कोचिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई और देश के कई प्रतिभाशाली पिस्टल शूटर्स को प्रशिक्षित किया। उन्होंने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को भी ट्रेनिंग दी थी। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया था।
फरवरी 2025 से जसपाल राणा भारतीय टीम के 25 मीटर पिस्टल इवेंट के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के रहने वाले राणा न केवल एक सफल खिलाड़ी थे, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी थे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय लोकभाषा में उनके ऊपर गीत भी रचे गए हैं।
सीएम धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपाल राणा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि देवभूमि उत्तराखंड के सपूत, पद्मश्री से सम्मानित और भारतीय निशानेबाजी जगत के गौरव जसपाल राणा के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निशानेबाजी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, ऐतिहासिक उपलब्धियों और युवा खिलाड़ियों को दी गई प्रेरणा ने भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति
जसपाल राणा का निधन भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। एक खिलाड़ी, कोच और मार्गदर्शक के रूप में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनकी उपलब्धियां और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






