मदर्स प्राइड स्वर्ण नगरी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़ाया कदम, बच्चों को दिया हरित भविष्य का संदेश
ग्रेटर नोएडा(उत्तराखंड पोस्ट) मदर्स प्राइड, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से “Sowing the Seeds of Change” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और उन्हें पर्यावरण संरक्षण की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की सात विचारधाराओं और सात हरित पहलों को प्रस्तुत किया गया। विद्यालय का लक्ष्य ग्रीन स्कूल बनना और सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) के ग्रीन स्कूल अवॉर्ड की दिशा में आगे बढ़ना है।
विद्यालय की सात प्रमुख हरित पहलों में वर्षा जल संचयन, कम्पोस्ट बिन, रीसाइक्लिंग बिन, किचन गार्डन, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था, जल एवं बिजली की बचत और ग्रीन वंडर वॉल शामिल हैं। इन पहलों के जरिए बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से परिचित कराने के साथ-साथ ऐसी आदतें विकसित करने पर जोर दिया गया, जिन्हें वे अपने स्कूल और घर में भी अपना सकें।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध पर्यावरणविद् एवं गिव मी ट्रीज़ ट्रस्ट के संस्थापक पीपल बाबा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की निदेशक सुश्री गीतांजलि मेहरा और डॉ. ईशा कोहली ने विद्यालय की भविष्य की योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों की जानकारी साझा की।
पीपल बाबा ने विद्यालय की सात हरित पहलों और सात विचारधाराओं की सराहना करते हुए अभिभावकों से भी इन प्रयासों को अपने घरों में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस तरह के प्रयास करने वाले विद्यालयों की संख्या कम है। उन्होंने विश्वास जताया कि मदर्स प्राइड के बच्चे भविष्य में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगे। साथ ही, उन्होंने विद्यालय की हरित व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए ग्रीन स्कूल अवॉर्ड की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, नृत्य प्रस्तुति और जल संरक्षण पर आधारित एकल गीत के माध्यम से पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। एकल गीत की प्रस्तुति नन्हे विद्यार्थी आविष शोरी ने दी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने जल संरक्षण, प्रकृति की देखभाल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का महत्व उजागर किया।
इस आयोजन में करीब 150 अभिभावकों, शिक्षकों, अतिथियों और शुभचिंतकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से मदर्स प्राइड, स्वर्ण नगरी ने पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने के अपने संकल्प को दोहराया। विद्यालय की यह पहल बच्चों को छोटी-छोटी हरित आदतों के जरिए बड़े बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






