ईरान युद्ध के बीच बड़ा झटका, पेट्रोल और डीजल हुआ महंगा, इतने बढ़ गए दाम

  1. Home
  2. Country

ईरान युद्ध के बीच बड़ा झटका, पेट्रोल और डीजल हुआ महंगा, इतने बढ़ गए दाम

petrol


 

नई दिल्ली ( उत्तराखंड पोस्ट)  देश की बड़ी निजी ईंधन  रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी  ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी।

 

कंपनी ने पेट्रोल के दाम में  5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखा जा रहा है।

 

सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आई हालिया तेजी का कुछ बोझ अब ग्राहकों पर डाला जा रहा है। 28 फरवरी के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक वृद्धि हो चुकी है  जबकि भारत में खुदरा पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब तक स्थिर बनी हुई थीं।

 

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई के चलते वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है, जिसका सीधा असर तेल की कीमतों पर पड़ा है।

 

नायरा एनर्जी देश के कुल 1 लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से लगभग 6,967 पंप संचालित करती है। कंपनी ने बढ़ती इनपुट लागत के दबाव को देखते हुए कीमतों में यह वृद्धि की है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ और बीपी के संयुक्त उद्यम जियो-बीपी ने अभी तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि उसे भी बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा है। जियो-बीपी देश में करीब 2,185 पेट्रोल पंप संचालित करता है।

सरकारी तेल विपणन कंपनियां—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—अब भी खुदरा कीमतों को स्थिर रखे हुए हैं। इन कंपनियों का बाजार में लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है। सूत्रों का कहना है कि सरकारी कंपनियों को “अच्छे कॉर्पोरेट नागरिक” के रूप में काम करने के लिए समर्थन मिलता है, जबकि निजी कंपनियों को इस तरह का कोई मुआवजा नहीं दिया जाता।

शहरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा दाम: जानिए आपके शहर में क्या है कीमत

नई दिल्ली: देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है। टैक्स स्ट्रक्चर और स्थानीय वैट के कारण हर शहर में रेट अलग-अलग हैं। आइए जानते हैं प्रमुख शहरों में ताजा कीमतें:

पेट्रोल की कीमतें (प्रति लीटर):

  • हैदराबाद: ₹107.46
  • कोलकाता: ₹105.41
  • मुंबई: ₹103.54
  • बेंगलुरु: ₹102.92
  • नोएडा: ₹95.16
  • गुरुग्राम: ₹95.57

डीजल की कीमतें (प्रति लीटर):

  • हैदराबाद: ₹95.70
  • चेन्नई: ₹92.39
  • बेंगलुरु: ₹90.99
  • मुंबई: ₹90.03
  • नोएडा: ₹88.31
  • गुरुग्राम: ₹88.03

विशेषज्ञों के अनुसार, राज्यों में अलग-अलग टैक्स दरों और परिवहन लागत के चलते कीमतों में यह अंतर स्वाभाविक है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझान के आधार पर इन दरों में और बदलाव संभव है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे