PM मोदी ने सेट कर दिया 2024 का टारगेट, बोले- 'BJP को 370 तो NDA को 400 पार सीट'

  1. Home
  2. Country

PM मोदी ने सेट कर दिया 2024 का टारगेट, बोले- 'BJP को 370 तो NDA को 400 पार सीट'

Narendra Modi

मैं आमतौर पर आंकड़ों के चक्कर में नहीं पड़ता लेकिन मैं देख रहा हूं कि देश का मिजाज एनडीए को 400 पार कराकर रहेगा और बीजेपी को 370 सीटें अवश्य देगा। हमारा तीसरा कार्यकाल अगले 1000 सालों के लिए मजबूत नींव रखने का काम करेगा।


 

नई दिल्ली (उत्तराखंड पोस्ट) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (5 फरवरी) को लोकसभा में संबोधन दिया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

पीएम मोदी ने लोकसभा में कहा कि विपक्ष ने जो संकल्प किया है, मैं उसकी सराहना करता हूं। इससे मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है क्योंकि विपक्ष ने लंबे समय तक विपक्ष में ही रहने का संकल्प लिया है। अब कई दशकों तक जैसे सत्ता पक्ष में बैठे थे, वैसे ही कई दशकों तक अब विपक्ष में बैठने का आपका संकल्प जनता जनार्दन जरूर पूरा करेगी।

मोदी ने कहा कि आप लोग (विपक्ष) जिस प्रकार से इन दिनों मेहनत कर रहे हैं। मैं पक्का मानता हूं कि जनता जनार्दन आपको जरूर आशीर्वाद देगी और आप आज जिस ऊंचाई पर हैं, उससे भी अधिक ऊंचाई पर जरूर पहुंचेगे और अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में दिखेंगे।

एनडीए अबकी बार 400 पार, बीजेपी 370

मोदी ने कहा कि देश में एक ऐसे मंदिर का निर्माण हुआ है, जो भारत की महान परंपरा को ऊर्जा देता रहेगा। हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल भी बहुत दूर नहीं है। ज्यादा से ज्यादा 100-125 दिन बाकी हैं। पूरा देश कह रहा है अबकी बार मोदी सरकार। मैं आमतौर पर आंकड़ों के चक्कर में नहीं पड़ता लेकिन मैं देख रहा हूं कि देश का मिजाज एनडीए को 400 पार कराकर रहेगा और बीजेपी को 370 सीटें अवश्य देगा। हमारा तीसरा कार्यकाल अगले 1000 सालों के लिए मजबूत नींव रखने का काम करेगा।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर एक बार फिर निशाना साधते हुए कहा कि कब तक विपक्ष समाज को बाटंता रहेगा, इन लोगों ने देश को बहुत तोड़ा है। चुनाव का वर्ष है, कुछ मेहनत करते है। कुछ नया निकालकर लाते। वही पुरानी ढपली पुराना राग। चलिए ये भी मैं आपको सिखाता हूं।


मोदी ने लोकसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का बेहतरीन मौका मिला था। दस साल कम नहीं होते लेकिन उस दायित्व को निभाने में विफल हुए। जब खुद विफल हो गए तो विपक्ष में कुछ अच्छे लोग भी हैं उन्हें भी उभरने नहीं दिया क्योंकि उनकी छवि उभरेगी तो किसी की छवि दब जाएगी। एक प्रकार से इतना बड़ा नुकसान कर दिया, खुद का भी और विपक्ष का भी। संसद का भी और देश का भी इसलिए मैं हमेशा चाहता हूं कि देश को एक स्वस्थ अच्छे विपक्ष की बहुत जरूरत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश ने जितना परिवारवाद का खामियाजा उठाया है, खुद कांग्रेस ने भी उसका खामियाजा उठाया है। परिवारवाद की सेवा तो करनी पड़ती है। खड़गे इस सदन से उस सदन में चले गए। गुलाम नबी तो पार्टी से ही शिफ्ट कर गए। ये सब परिवारवाद की भेंट चढ़ गए। एक ही प्रोडक्ट बार-बार लॉन्च करने के चक्कर में अपनी ही दुकान को ताला लगाने की नौबत आ गई।

पीएम ने कहा कि देश परिवारवाद से त्रस्त है। विपक्ष में एक ही परिवार की पार्टी है। हमें देखिए, ना राजनाथ जी की पॉलिटिकल पार्टी है, ना अमित शाह की पॉलिटिकल पार्टी है। जहां एक परिवार की पार्टी ही सर्वेसर्वा हो, वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। देश के लोकतंत्र के लिए परिवारवादी राजनीति हम सबकी चिंता का विषय होना चाहिए। मैं किसी परिवार के दो लोग प्रगति करते हैं, उसका स्वागत करूंगा लेकिन सवाल ये है कि परिवार ही पार्टियां चलाती हैं, ये लोकतंत्र का खतरा है।

हम कहते हैं 'मेक इन इंडिया', कांग्रेस कहती है 'कैंसिल', हम कहते हैं, 'संसद की नई इमारत', कांग्रेस कहती है 'कैंसिल'। मैं हैरान हूं कि ये मोदी की उपलब्धि नहीं है बल्कि देश की उपलब्धियां है। इतनी नफरत कब तक पाले रखोगे?

कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं

मोदी ने कहा कि हमारे लक्ष्य और हौसले बहुत बड़े हैं। आज पूरी दुनिया इसे देख रही है। एक कहावत है 'नौ दिन चले, ढाई कोस'। ये कहावत पूरी तरह कांग्रेस को परिभाषित करती है। ये कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं। आज देश में जिस रफ्तार से काम हो रहा है, कांग्रेस सरकार इस रफ्तार की कल्पना भी नहीं कर सकती। हमने गरीबों के लिए चार करोड़ घर बनाए। शहरी गरीबों के लिए 80 लाख पक्के मकान बने हैं। अगर कांग्रेस की रफ्तार से ये घर बने होते तो इतना काम करने में 100 साल लग जाते। पांच पीढ़ियां गुजर जाती।

मोदी ने कहा कि हमने दस साल में 40 हजार किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण हुआ। अगर कांग्रेस की रफ्तार से देश चलता तो इस काम को करने में 80 साल लग जाते। एक प्रकार से चार पीढ़ियां गुजर जाती। हमने 17 करोड़ गैस कनेक्शन दिए। अगर कांग्रेस की चाल से चलते तो ये कनेक्शन देने में और 60 साल लग जाते। तीन पीढ़ियां धुएं में खाना पकाते-पकाते थक जाती। हमारी सरकार में सैनिटेशन कवरेज 40 फीसदी से 100 फीसदी तक पहुंची है। कांग्रेस की रफ्तार होती तो ये काम होते-होते 60-70 साल और लगते और कम से कम तीन पीढ़ियां गुजर जाती लेकिन फिर भी गारंटी नहीं होती। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो मानसिकता है, उससे देश को नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी भी विश्वास नहीं किया। वे अपने आप को शासक मानते रहे और जनता जनार्दन को हमेशा कमतर आंकते रहे।

अब अलायंस का अलाइनमेंट बिगड़ गया

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस खुद को शासक समझती है। वो एक परिवार से आगे सोच नहीं सकती। कुछ दिन पहले भानुमति का कुनबा जोड़ा और अब अलायंस का अलाइनमेंट बिगड़ गया है। इनको एक दूसरे पर भी भरोसा नहीं। हमारा पहला कार्यकाल इनके गड्डे भरने में लग गया। दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी। कांग्रेस की मानसिकता से देश को नुकसान हुआ है।

कांग्रेस जब भी आई, महंगाई लेकर आई

पीएम मोदी ने कहा कि नेहरू जी हमेशा महंगाई का गीत गाते रहे। वह हमेशा महंगाई कंट्रोल करने में 'नहीं' का गीत गाते रहे। जब भी कांग्रेस आती है, महंगाई लेकर आती है। उनके कार्यकाल में हर चीज की कीमत बढ़ती है। कांग्रेस महंगाई को लेकर हर बार लाचार दिखी। देश में मंहगाई को लेकर दो गाने सुपरपहिट हुए। 'महंगाई मार गई', 'महंगाई डायन खाए जात है'। ये दोनों गाने कांग्रेस के शासनकाल में आए थे। यूपीए कार्यकाल में महंगाई डबल डिजिट में थी। हमारी सरकार ने महंगाई को नियंत्रण में रखा है।

जिन्होंने देश को लूटा है, उन्हें लौटाना पड़ेगा

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई चलती रहेगी। जिसने देश को लूटा है, उसको लौटाना होगा। कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाती है। जिसको जितना जुल्म करना है, वो कर ले। हम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे। मेरे पर जो जुल्म करना है, कर लें। हम नहीं रुकेंगे।

नेहरू की गलतियों की हमें कीमत चुकानी पड़ी

मुझे मेरी सेना पर पूरा भरोसा है। देश के इतने टुकड़े कर चुके हो, और टुकड़े करोगे। कब तक देश के टुकड़े करोगे। कुछ लोग अलग देश की बात करते हैं। देश में जोड़ने की नहीं बल्कि तोड़ने की बात होती है। आर्टिकल 370 को लेकर हौव्वा मचा रखा था। लेकिन कश्मीर के लोगों ने आर्टिकल 370 को हटाने का खुले दिल से स्वागत किया। कश्मीर के लोगों को नेहरू जी की गलतियों की बहुत बड़ी गलती चुकानी पड़ी है। वो भले ही गलतियां करके गए लेकिन हम मुसीबत झेलकर भी गलतियां सुधारने की कोशिश जारी रहेगी। हम रुकने वाले नहीं हैं। हमारे लिए नेशन फर्स्ट है।

वे नामदार, हम कामदार हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वो नामदर हैं, हम कामदार हैं। हर कामदारों को नामदार से सुनना पड़ता है। हम सुनते भी रहेंगे और काम भी करते रहेंगे। हम सब मिलकर देश निर्माण काम काम करेंगे।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे