उत्तराखंड में 10वीं-12वीं के सरकारी स्कूल छात्रों को मिलेगा टैबलेट का पैसा, CM धामी का बड़ा ऐलान
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा की है। सरकार छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत चयनित 140 छात्र-छात्राओं के साथ संवाद के दौरान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के साथ ही विद्यार्थियों को तकनीक और आधुनिक ज्ञान से जोड़ने पर जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए टैबलेट खरीदने के लिए DBT के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छात्रों को तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और ज्ञान हासिल करने के नए अवसर मिल सकेंगे।
छात्रों के विचारों की CM धामी ने की सराहना
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके विचार, सुझाव और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनकी सोच जानी। उन्होंने छात्रों की सोच और विभिन्न विषयों पर उनकी समझ की सराहना की। धामी ने कहा कि विद्यार्थी पर्यटन, पर्यावरण, आपदा प्रबंधन, स्थानीय योजना और पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को दुनिया में हो रही विभिन्न घटनाओं की अच्छी समझ है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की ओर से दिए गए ‘नॉलेज बैंक’ बनाने के सुझाव का भी उल्लेख किया और कहा कि वह इस विचार से सहमत हैं।
‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में मिले लाखों सुझाव
‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सुझाव मांगे गए थे। अभियान के तहत कुल 2,67,744 विचार और सुझाव प्राप्त हुए। इनमें से बेहतर सुझाव देने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद का अवसर दिया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में राज्य के करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जोड़ा गया था। अभियान के अंतिम चरण में चयनित विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के सामने उत्तराखंड के विकास और भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।
चयनित छात्रों को मिलेगी 2 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप
अभियान में उत्कृष्ट सुझाव देने वाले विद्यार्थियों के लिए सरकार की ओर से स्कॉलरशिप का भी प्रावधान किया गया है। चयनित छात्रों को 12वीं कक्षा के बाद करियर की तैयारी और कोचिंग के लिए 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
CM धामी ने छात्रों को बताया ‘इन-जी’
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें ‘इन-जी’ कहा। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को आमतौर पर जेन-जी कहा जाता है, लेकिन वह उन्हें ‘इन-जी’ यानी इंडियन जनरेशन कहना पसंद करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी की सोच, बड़े सपने और आत्मविश्वास उत्तराखंड के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, तकनीक और नए विचारों का उपयोग प्रदेश के विकास में करने का आह्वान किया।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







