उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार में आग लगने से 2 की मौत, 3 गंभीर घायल
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के चंपावत जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
लोहाघाट क्षेत्र में बापरू के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरने के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
खाई में गिरते ही कार में लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग से अचानक गहरी खाई में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कार में आग लग गई।
दो लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल
हादसे में कार चालक राजेन्द्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ की कार में आग लगने से जलकर मौत हो गई।
हादसे में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36), पुत्री अक्षिता (8) और पुत्र आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
अस्पताल में चल रहा उपचार
तीनों घायलों को आपातकालीन वाहन की सहायता से उपचार के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के पीछे संभावित कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






