बागेश्वर- सरयू नदी में बहा 7 साल का मासूम , पुलिस-एसडीआरएफ-एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी
बागेश्वर (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है।
शिवालय मंदिर के पास सरयू नदी से पानी भरने गया सात वर्षीय बालक राकेश अचानक पैर फिसलने से नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, राकेश अपनी मां कमला देवी के साथ सरयू नदी से पानी भरने गया था। इसी दौरान पानी भरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में जा गिरा। तेज बहाव के कारण देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी रोशन गड़िया ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर बच्चे को बचाने की कोशिश की। उन्होंने करीब 50 मीटर तक बहाव के साथ राकेश की तलाश की, लेकिन तेज धारा के कारण वह बच्चे तक नहीं पहुंच सके।
राकेश की मां कमला देवी ने बताया कि उनका बेटा कक्षा दो का छात्र था। उसके पिता नारायण सिंह निजी नौकरी करते हैं। परिवार मूल रूप से लाहुर गांव का रहने वाला है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई के लिए कपकोट में किराये के मकान में रह रहा है। परिवार में राकेश से बड़ी एक बहन भी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की मदद से सरयू नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







