हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, मचा कोहराम
हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) हल्द्वानी से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के शनिबाजार रोड स्थित इंदिरानगर रेलवे क्रॉसिंग बरसाती के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे गौलापार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ई-स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के समय स्कूटी चला रही शकीना सड़क के बाईं ओर गिर गई, जबकि पीछे बैठी आदिया (14) वाहन के पिछले पहिए के नीचे आ गई। पहिया उसके शरीर और सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुरादाबाद से छुट्टियां मनाने आई थी आदिया
पुलिस के मुताबिक, मृतका आदिया पुत्री अब्दुल रहमान मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली थी। वह गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए बनभूलपुरा के इंदिरानगर बरसाती स्थित अपने मामा के घर आई हुई थी। सोमवार शाम वह अपनी ममेरी बहन के साथ स्कूटी से बाजार सामान लेने निकली थी, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान पथराव में कैंटर के शीशे भी टूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और चालक को हिरासत में लेकर वाहन को थाने पहुंचाया।
हादसे के चलते रेलवे क्रॉसिंग से मंडी गेट तक करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने किसी तरह यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बनभूलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






