उत्तराखंड- घर के आंगन से चार साल की बच्ची को उठाकर ले गया, 2 किमी दूर मिला शव
पौड़ी गढ़वाल/( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
ताजा मामला ग्रामसभा तिमली के तोक ग्राम भतकोट से सामने आया है, जहां एक चार वर्षीय बच्ची को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया।
आंगन में खेल रही थी मासूम
घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। ग्राम भतकोट निवासी हरेंद्र की चार वर्षीय पुत्री दृष्टि रात को खाना खाने के बाद घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
गुलदार ने बच्ची को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और आंगन से नीचे खेतों की ओर ले गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गुलदार बच्ची को लेकर ओझल हो गया।
ग्रामीणों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और बच्ची की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ।
वन विभाग पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लगातार बढ़ रही घटनाएं, दहशत में लोग
सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। बावजूद इसके, न तो वन विभाग और न ही जनप्रतिनिधि इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठा रहे हैं।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






