उत्तराखंड- जंगल में पेड़ से लटका मिला अज्ञात महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी
अल्मोड़ा ( उत्तराखंड पोस्ट)अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट तहसील क्षेत्र के सुदूरवर्ती ग्राम भांसी कफलानी स्थित सुंदरखाल जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर द्वाराहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीती शाम गांव के कुछ लोग जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके महिला के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
कोतवाल विनोद जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब 10 से 12 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया है। रानीखेत की सीओ भावना कैंथोला ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि सुनील जोशी ने बताया कि आसपास के गांवों में संपर्क कर महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह निर्जन जंगल तक कैसे पहुंची।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







