बागेश्वर में डबल मर्डर से सनसनी, भतीजे ने लोहे की रॉड से चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट,आरोपी फरार
बागेश्वर (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव में सोमवार सुबह दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया।
यहां एक युवक ने अपने ही चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दंपती को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
लोहे की रॉड से चाचा-चाची पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, नरगवाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक महिला किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
दोहरे हत्याकांड से गांव में मचा हड़कंप
एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
आरोपी की तलाश में चार पुलिस टीमें गठित
बैजनाथ कोतवाली प्रभारी कैलाश नेगी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
पारिवारिक विवाद की आशंका, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और विस्तृत जांच के बाद ही वारदात की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल, दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






