Chamoli Tunnel हादसा: 2 श्रमिक अब भी लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

  1. Home
  2. Uttarakhand

Chamoli Tunnel हादसा: 2 श्रमिक अब भी लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Chamoli Tunnel Landslide


चमोली (उत्तराखंड पोस्ट) पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में हुए भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे में टनल के अंदर फंसे 22 श्रमिकों में से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि आठ श्रमिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, दो श्रमिक अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पीपलकोटी में THDC की टेल रेस टनल में बृहस्पतिवार को हुए हादसे के बाद से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक सात शव बरामद किए गए थे। शनिवार को सर्च अभियान के दौरान एक और शव मिला, जिसकी पहचान छत्तीसगढ़ निवासी देवनाथ के रूप में हुई है।

पानी और मलबे के कारण रेस्क्यू में परेशानी

टनल के अंदर जमा पानी को बाहर निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं। इसके अलावा मशीनरी और निर्माण सामग्री के साथ बड़ी मात्रा में पानी और मलबा जमा होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रेस्क्यू टीमें उस स्थान तक पहुंच चुकी हैं, जहां भूस्खलन के कारण मलबा जमा हुआ था। इसके बावजूद लापता दोनों श्रमिकों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उनकी तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।

यूकेडी ने THDC कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को THDC के पीपलकोटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा कर्मियों के साथ काफी बहस भी हुई। हालांकि, उन्हें कार्यालय के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हादसा कंपनी की लापरवाही के कारण हुआ है और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी के अधिकारी स्वयं गेट पर आकर उनसे बातचीत करें और मुआवजे को लेकर स्पष्ट आश्वासन दें।

आयुक्त ने की हादसे और रेस्क्यू अभियान की समीक्षा

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में रेस्क्यू अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव कार्य को पूरी गंभीरता और तेजी से जारी रखा जाए। उन्होंने सभी रेस्क्यू एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं। वहीं, एक एक्सकेवेटर और एक डंपर को हटाने का काम जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाकर टनल के अंदर सर्च और रेस्क्यू अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा THDC से जुड़े रेस्क्यू और अन्य जरूरी कार्यों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

फिलहाल रेस्क्यू टीमों की प्राथमिकता टनल में फंसे दोनों लापता श्रमिकों का पता लगाना है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे