उत्तराखंड में बड़ा हादसा टला- ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत
चम्पावत( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के चम्पावत जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।
धारचूला से टनकपुर जा रही रोडवेज बस के ब्रेक फेल हो जाने पर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया। इस दौरान बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए, लेकिन चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
ब्रेक फेल होने से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, टनकपुर डिपो की रोडवेज बस बुधवार सुबह धारचूला से टनकपुर की ओर जा रही थी। जब बस लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान-रायकोट क्षेत्र के पास पहुंची, तभी उसके ब्रेक अचानक फेल हो गए। पहाड़ी मार्ग पर बस के अनियंत्रित होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
चालक ने दिखाई बहादुरी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने बस को गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए उसे पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। बस पहाड़ी से टकराकर रुक गई, जिससे बस में सवार यात्रियों की जान बच गई।
हादसे में चालक की दर्दनाक मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के दौरान चालक की ओर का दरवाजा खुल गया। चालक सीट से गिरकर सड़क किनारे नाली में जा गिरा। इसी दौरान बस का एक टायर उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान बेनीराम भट्ट निवासी चम्पावत के रूप में हुई है।
सभी यात्री सुरक्षित
पुलिस और प्रशासन की टीम घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






