उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, तीन घायल
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के चंपावत जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही कार मंगलवार शाम के समय अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, वैगनआर कार संख्या UK05 TA 5054 खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बनलेख क्षेत्र में अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल चार लोग सवार थे।
रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाए गए सभी लोग
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों का जिला अस्पताल चंपावत में उपचार जारी है।
घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। डीएम ने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







