उत्तराखंड में देर रात कांपी धरती: इन दो जिलों में महसूस हुए भूकंप के झटके

  1. Home
  2. Uttarakhand

उत्तराखंड में देर रात कांपी धरती: इन दो जिलों में महसूस हुए भूकंप के झटके

earthquake


 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में सोमवार देर रात और तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए।

 

 

उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं, टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। दोनों जिलों में फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप

उत्तरकाशी जिले में सोमवार देर रात करीब 1:21 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत जिले के कई क्षेत्रों में लोगों ने भूकंप महसूस किया। झटका इतना तेज था कि कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और फोन कर परिजनों व आसपास के लोगों से स्थिति की जानकारी ली।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की है। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई गई है। भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के पास राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है।

टिहरी में 2.0 तीव्रता के झटके

उधर, टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई। हल्की तीव्रता के इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से भी स्थिति सामान्य बताई गई है।

भूकंप के बाद घरों से बाहर निकले लोग

उत्तरकाशी में आए तेज झटके के बाद देर रात कई लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी ली। हालांकि, राहत की बात यह है कि दोनों जिलों में अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे