हल्द्वानी से बड़ी खबर- युवक की गोली मारकर हत्या, भाजपा नेता हिरासत में

  1. Home
  2. Uttarakhand

हल्द्वानी से बड़ी खबर- युवक की गोली मारकर हत्या, भाजपा नेता हिरासत में

murder


 हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) हल्द्वानी से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रामपुर रोड स्थित जज फार्म क्षेत्र में रविवार देर रात यहां पार्षद एवं वर्तमान भाजपा नेता अमित बिष्ट पर 24 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक नितिन लोहनी रविवार रात करीब 11:45 बजे अपने एक दोस्त के साथ पार्टी से लौट रहा था। नितिन आरोपी पार्षद के परिवार के किसी सदस्य को पहले से जानता था। इसी दौरान दोनों जज फार्म क्षेत्र में स्थित अमित बिष्ट के आवास के बाहर पहुंचे और घंटी बजाई।

 

आरोप है कि घंटी बजते ही अमित बिष्ट दो नाली बंदूक लेकर बाहर आए और बिना किसी बातचीत के फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली ज़मीन पर लगी, जिसके छर्रे नितिन के साथ मौजूद उसके दोस्त को लगे। दूसरी गोली सीधे नितिन को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, घटना के समय पार्षद का बेटा भी पिस्टल लेकर मौके पर मौजूद था और उसने डराने का प्रयास किया। गोली लगने के बाद नितिन को आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद डरे सहमे प्रत्यक्षदर्शी ने सुबह हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को हिरासत में लिया और हत्या में प्रयुक्त बंदूक को ज़ब्त कर लिया है।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश का परिणाम थी या किसी तात्कालिक विवाद में हुई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे