हरिद्वार में आज होगी धामी कैबिनेट की बैठक, कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Haridwar

हरिद्वार में आज होगी धामी कैबिनेट की बैठक, कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

Dhami


हरिद्वार (उत्तराखंड पोस्ट) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जाएगी।

 

 

सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित इस बैठक को कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ मां गंगा का पूजन करेंगे।

कुंभ-2027 की तैयारियों पर हो सकता है मंथन

हरिद्वार में पहली बार आयोजित हो रही धामी कैबिनेट की इस बैठक की थीम कुंभ मेला-2027 रखी गई है। माना जा रहा है कि बैठक में कुंभ मेले से जुड़ी विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। कुंभ के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को गति देने के संबंध में भी सरकार अहम निर्णय ले सकती है।

विकास कार्यों को लेकर हो सकते हैं बड़े फैसले

बैठक में हरिद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की ओर से विभिन्न विकास कार्यों के लिए दिए गए सहयोग और आर्थिक पैकेज को लेकर धन्यवाद एवं अभिनंदन प्रस्ताव लाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बैठक में किन प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी मिलेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी निर्णयों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पहली बार हरिद्वार में जुटेगी धामी कैबिनेट

कुंभ नगरी हरिद्वार में पहली बार प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जा रही है। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए इस बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है। सरकार का फोकस कुंभ से संबंधित विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रह सकता है।

विधानसभा सत्र की तारीख पर भी नजर

बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तारीख को लेकर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है। इस संबंध में अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कैबिनेट बैठक के बाद लिए गए फैसलों और प्रस्तावों की जानकारी सामने आने पर सरकार के आगामी कार्यक्रमों की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे