उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 3 की मौत, 6 गंभीर घायल
रुड़की (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के रुड़की में लक्सर मार्ग पर रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। ढंढेरा के मिलापनगर से परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने लक्सर जा रहे लोगों के ई-रिक्शा को थिथौला गांव के पास सामने से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया।
हादसे में महिला और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक आठ वर्षीय बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा स्थित मिलापनगर निवासी अरशद (30) और दिलशाद (30) रविवार देर शाम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ई-रिक्शा से लक्सर क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
ई-रिक्शा में बच्चों समेत करीब 13 लोग सवार थे। बताया गया कि थिथौला गांव से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
ई-रिक्शा के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अरशद और दिलशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आठ वर्षीय उमर ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजन उमर के शव को अस्पताल से घर ले गए।
छह घायलों को हायर सेंटर रेफर
हादसे में खतीजा (25), रिहाना (26), अमरिया (1), इनायत (6), आयत (8) और अरहम (4) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी छह घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं समैया (26), नाजमा (26), नईमा (32) और अनस (4) का रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कार छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







