उत्तराखंड- शराब के नशे में हैवान बना पति, पत्नी की कर दी बेरहमी से हत्या
हरिद्वार ( उत्तराखंड पोस्ट) हरिद्वार जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात की खबर सामने आई है। बीएचईएल सेक्टर-5 स्थित लेबर कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने शराब के नशे में रविवार देर रात अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक घनश्याम निवासी लेबर कॉलोनी बीएचईएल सेक्टर-5 का अपनी पत्नी मंजू देवी (40) से रविवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया।। झगड़े के बीच मंजू ने अपने बेटे श्रेयांश को फोन पर जानकारी दी। झगड़ा इतना बढ़ा कि उसने किसी भारी वस्तु से मंजू के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घनश्याम फरार हो गया। जब बेटा घर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। महिला के पिता की तहरीर पर आरोपी पति समेत उसके भाई और भतीजे के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
मृतका के पिता ने बताया कि मंजू देवी की शादी 22 वर्ष पूर्व घनश्याम से हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। पति घनश्याम उसका भाई रोहिताश और भतीजा सौपिन लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि वे सभी मंजू पर जमीन नाम करने का दबाव बना रहे थे। लेकिन मंजू बच्चों के भविष्य का हवाला देकर इंकार करती रही। इसी बात से नाराज होकर घनश्याम ने वारदात को अंजाम दिया। बताया गया है कि घनश्याम पहले भेल में संविदा कर्मी था और अब सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था।
कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि आरोपी को भेल क्षेत्र से हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं मंजू के पिता की तहरीर पर घनश्याम उसके भाई रोहिताश और भतीजे सौपिन के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






