उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा - बरातियों से भरी दो बसों की भीषण भिड़ंत, मची चीख-पुकार
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे पर रसियाबढ़ के समीप मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
बिजनौर से हरिद्वार आ रही बरातियों की बस और देहरादून से नांगल सोती जा रही बरातियों से भरी बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। हादसा इतना भयावह था कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरा होने और हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण स्थिति काफी गंभीर बनी हुई थी, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के दौरान एक बस में चालक की सीट के पीछे बैठा यात्री बुरी तरह फंस गया था। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायल की जान बचाई जा सकी और अन्य यात्रियों को भी राहत मिली।
हादसे में कुल तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बसों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






