उत्तराखंड- रक्षा बंधन से ठीक पहले दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या,जीजा गंभीर घायल
हरिद्वार (उत्तराखंड पोस्ट)उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की से मंगलवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने अपनी एक बहन के पति यानी जीजा पर भी गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अलग-अलग स्थानों पर बहनों पर की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, घटना 25 अगस्त की देर शाम गणेशपुर-आजाद नगर पनियाला रोड स्थित माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 और आसपास के क्षेत्र में हुई। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, विक्की नाम के युवक पर अपनी दो सगी बहनों की हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले गणेशपुर निवासी शकुंतला पर फायरिंग की। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर भी गोली चला दी।
फायरिंग में दोनों बहनों की मौत हो गई, जबकि पुष्पा के पति गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिवार के लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पारिवारिक विवाद की आशंका, असली वजह की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्की नाम के युवक ने अपनी दो सगी बहनों की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
दो सगी बहनों की हत्या और एक व्यक्ति के घायल होने की इस वारदात से पूरे रुड़की क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







