उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: यहां अचानक भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबे 3 लोग
पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ी क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव (भलगांव) में बारिश के कारण एक मकान ढह गया। हादसे में तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया।
नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में खतरा
बीती रात से पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। सरुड़ा गांव में पंचायत घर और खोह नदी के किनारे बने मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
लंगूरगाड़ नदी के बढ़ते प्रवाह के कारण सुभाष बाजार वार्ड का कंडवाल मोहल्ला भी संवेदनशील हो गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
एनएच-534 पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित
भारी बारिश के कारण एनएच-534 पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, विभिन्न रपटों में जलस्तर बढ़ने से भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भारी भूस्खलन
उधर, ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी में स्थित पांचवें केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भी भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से आया मलबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जमा हो गया है।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मंदिर क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है और मलबा आने से मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो गई है। फिलहाल श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। मलबा हटाए जाने के बाद ही मंदिर तक जाने का रास्ता सुचारु होने की उम्मीद है। बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







