Nainital News: पहाड़ी से मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल

  1. Home
  2. Uttarakhand

Nainital News: पहाड़ी से मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल

दीवार निर्माण के दौरान हुआ हादसा


नैनीताल(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के नैनीताल जिले के मेहरागांव में देर रात निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दीवार निर्माण में जुटे मजदूरों के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिर गया। इस हादसे में नेपाल निवासी दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दीवार निर्माण के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मेहरागांव में दीवार बनाने का काम चल रहा था। देर रात मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे की चपेट में आ गए।

हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल मजदूर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों के परिजनों ने घटनास्थल पर हंगामा किया और अपना आक्रोश जताया।

ठेकेदार हिरासत में, सुरक्षा इंतजामों की जांच

नैनीताल के एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा के मुताबिक, मेहरागांव में दीवार निर्माण के दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत हुई है। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस अब हादसे के पीछे की परिस्थितियों का पता लगा रही है। साथ ही, निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से मलबा गिरने के संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं।

इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा और जोखिम वाले क्षेत्रों में काम के दौरान जरूरी एहतियाती उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे