उत्तराखंड में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 4लोगों समेत 5 की मौत
नैनीताल( उत्तराखंड पोस्ट) नैनीताल के भवाली-सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर गुरुवार दोपहर एक कार गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में खटीमा के एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे की है। बताया जा रहा है कि ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और SSB की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल निवासी खटीमा के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा निवासी अफसर नगर, एलपीजी गोदाम, आलम नगर, लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






