हल्द्वानी में दिल दहला देने वाली घटना, बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Nainital

हल्द्वानी में दिल दहला देने वाली घटना, बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या

murder


हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरेली रोड इलाके में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के बाद बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड निवासी संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल मंगलवार रात करीब 11 बजे घर पहुंचा। आते ही उसने अपने छोटे भाई 42 वर्षीय सोनू जायसवाल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

 

आरोप है कि संदीप ने पास में पड़ा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के चेहरे और सिर पर कई बार वार किए और फिर उसे तखत पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान घर में मौजूद स्वजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए सभी को कमरे में बंद कर दिया। स्वजनों का आरोप है कि संदीप लगातार सोनू को पीटता रहा, जिससे वह बेहोश हो गया।

कुछ देर बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो चुका था। पुलिस ने घायल सोनू जायसवाल को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्वजनों के अनुसार, आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके चलते परिवार पहले से ही उससे भयभीत था। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे