हल्द्वानी- बहू के सामने बुजुर्ग महिला को उठा ले गया बाघ, डेढ़ किमी दूर मिला क्षत-विक्षत शव
नैनीताल ( उत्तराखंड पोस्ट) नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग अंतर्गत फतेहपुर रेंज के पीपलपोखरा गांव से लगे जंगल में घास काटने गई एक बुजुर्ग महिला को बाघ ने बहू के सामने ही उठा लिया।
करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल के अंदर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृत महिला की पहचान 65 वर्षीय गंगा देवी के रूप में हुई है। वह अपनी बहू पुष्पा गोस्वामी और पड़ोसी महिला हेमा जोशी के साथ गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घास काटने के लिए जंगल गई थीं।
ढाई किलोमीटर अंदर जंगल में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार तीनों महिलाएं गांव की सीमा से लगभग ढाई किलोमीटर अंदर जंगल में घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक गंगा देवी पर हमला कर दिया और उसकी गर्दन को जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा।
बहू पुष्पा और हेमा ने शोर मचाया तो बाघ उनकी ओर घूरने लगा, जिससे दोनों महिलाएं डरकर जान बचाकर जंगल से बाहर भागीं और गांव पहुंचकर लोगों को घटना की सूचना दी।
साड़ी और बाल मिले, फिर मिला शव
सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के पास गंगा देवी की साड़ी और बाल मिले, जिससे अंदाजा लगाया गया कि बाघ महिला को घसीट कर ले गया है। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल के भीतर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
बाघ पकड़ने की तैयारी, कैमरा ट्रैप लगाए
ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि हमलावर बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और उसे ट्रैंकुलाइज करने की अनुमति मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद जंगल में पिंजरा लगाया जाएगा। फिलहाल बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की गई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






