उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर और स्कूटी की टक्कर में दादा- दादी और पोते की मौत
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
हरिद्वार( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 52 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू देवी (50) और पोते शिवा सिंह (5) के साथ स्कूटी से हरिद्वार से अपने गांव गाजीवाली लौट रहे थे। श्यामपुर थाना क्षेत्र में श्यामपुर फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरकी पैड़ी पर चलाते थे दुकान
जानकारी के मुताबिक, वीर सिंह और उनकी पत्नी मंजू देवी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान चलाते थे। उनका पांच वर्षीय पोता शिवा भी उनके साथ रहता था। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद तीनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली अंधेरे के कारण दिखाई नहीं दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहले भी एक अन्य स्कूटी से हादसा हुआ था। इसके बाद चालक वाहन को फ्लाईओवर के किनारे छोड़कर फरार हो गया। अंधेरा होने के कारण खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और दूसरी स्कूटी उससे जा टकराई।
स्ट्रीट लाइट न होने पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। अंधेरे के कारण पहले भी दुर्घटना हुई थी और बाद में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर तीन लोगों की जान चली गई। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






