कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में पावन डुबकी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से पूरी धर्मनगरी भक्तिमय नजर आई। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना, दान और दीपदान किया।
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
हरकी पैड़ी, प्रमुख गंगा घाटों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। वहीं, भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवी-देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी उपलक्ष्य में देवताओं ने पवित्र नदियों में स्नान कर दीपदान किया था।
मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन गुड़, तिल और ऊनी वस्त्रों का दान करना भी अत्यंत फलदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, 360 बत्तियों वाला दीप प्रज्वलित करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है।
यातायात व्यवस्था में बदलाव, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
स्नान पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बने रहने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे
गूगल न्यूज़
पर फॉलो करे






