उत्तराखंड में गुलदार का आंतक, व्यक्ति को मार डाला, इलाके में दहशत का माहौल
पौड़ी ( उत्तराखंड पोस्ट) पौड़ी वन प्रभाग से सटे जामलाखाल क्षेत्र में गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। जामलाखाल निवासी प्रकाश लाल (47) इंटरलॉकिंग का कार्य करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रात तक जब प्रकाश लाल घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद गुलदार के हमले में उनकी मौत होने की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, लगातार हो रही गुलदार की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार, पटवारी समेत वन विभाग के करीब 15 कर्मचारियों को पंचायत घर में बंधक बना लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द मारने या पकड़ने की कार्रवाई की जाए।
फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। वन विभाग की टीम स्थिति को शांत कराने और गुलदार को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






