उत्तराखंड - भालू के डर से भागी महिला पहाड़ी से गिरी, मौके पर मौत, जंगल में घास लेने गई थी बसंती देवी

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Pauri-Garhwal

उत्तराखंड - भालू के डर से भागी महिला पहाड़ी से गिरी, मौके पर मौत, जंगल में घास लेने गई थी बसंती देवी

Dead Body


 पौड़ी गढ़वाल(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक दर्दनाक घटना सामने आई है।

 

 

जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम पंचायत घेटुलगांव के कोलगाड गांव में सोमवार को भालू से बचने के प्रयास में एक महिला पहाड़ी से नीचे गिर गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कोलगाड गांव निवासी बसंती देवी (40), पत्नी कलम सिंह सजवाण, सोमवार को गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इस दौरान सभी महिलाएं अलग-अलग स्थानों पर घास काट रही थीं। तभी अचानक वहां भालू पहुंच गया और उसने बसंती देवी का पीछा करना शुरू कर दिया।

भालू को अपनी ओर आता देख बसंती देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी से नीचे सड़क पर जा गिरीं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्राम प्रधान रेखा देवी और सामाजिक कार्यकर्ता विनोद नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल और गांव के लिए रवाना हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत

क्षेत्र में भालू की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगलों में चारा-पत्ती और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे