उत्तराखंड मे दर्दनाक सड़क हादसा- शादी समारोह से लौट रही कार खाई में गिरी, महिला की मौत, 4 घायल
पौड़ी ( उत्तराखंड पोस्ट) पौड़ी जनपद के देहलचौरी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
अरकणी बैंड से करीब 800 मीटर आगे एक इको कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों का रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन संख्या UK13A-9418 को रोहित थपलियाल चला रहे थे। सभी लोग रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम भेंटा, कोट ब्लॉक से वापस लौट रहे थे।
रेस्क्यू अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला को कांस्टेबल बद्री लाल ने अपने निजी वाहन से बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक महिला की पहचान 49 वर्षीय अनीता भट्ट पत्नी शशि राम भट्ट निवासी जाखन, अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड के रूप में हुई है।
घायलों की सूची
- रोहित थपलियाल (24 वर्ष), पुत्र प्रेमचंद थपलियाल, निवासी रतूड़ा, रुद्रप्रयाग
- रश्मि देवी (45 वर्ष), पत्नी प्रेमचंद थपलियाल
- सुधा देवी (54 वर्ष), पत्नी जगदीश प्रसाद, निवासी रतूड़ा, रुद्रप्रयाग
- सुमन बिष्ट (26 वर्ष), पुत्री गजपाल सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम भेंटा, देहलचौरी, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






