उत्तराखंड में गुलदार का आतंक, पांच साल के बच्चे को उठा ले गया, इलाके में दहशत

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Rudraprayag

उत्तराखंड में गुलदार का आतंक, पांच साल के बच्चे को उठा ले गया, इलाके में दहशत

leopard


 

रुद्रप्रयाग ( उत्तराखंड पोस्ट) रुद्रप्रयाग जिले के छिनका ककोड़ाखाल (नगरासू) क्षेत्र में गुलदार की दहशत देखने को मिल रही है। मंगलवार शाम घर के आंगन में अपनी मां के पास बैठे पांच वर्षीय बालक को गुलदार झपट कर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

 

जानकारी के अनुसार सिन्द्रवाणी गांव निवासी हेमंत सिंह का पांच वर्षीय पुत्र दक्ष शाम करीब पांच बजे अपनी मां के साथ घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान अचानक घात लगाए बैठे गुलदार ने झपट्टा मारकर बच्चे को मां के हाथों से छीन लिया और जंगल की ओर फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि मां कुछ समझ पाती, उससे पहले ही गुलदार बच्चे को उठा ले गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग हरकत में आ गया। जिला प्रशासन की छह अलग-अलग टीमें ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि डीडीआरएफ (DDRF) के नौ जवानों को विशेष खोजबीन उपकरणों के साथ मौके पर भेजा गया है, जो लगातार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें। इलाके में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे