उत्तराखंड बोर्ड | 12वीं में जुड़वा भाई-बहन का डबल धमाका, किया बड़ा कमाल

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Rudraprayag

उत्तराखंड बोर्ड | 12वीं में जुड़वा भाई-बहन का डबल धमाका, किया बड़ा कमाल

Board

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट में रुद्रप्रयाग जिले के जुड़वा भाई-बहन ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया है। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में अगस्त्य पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र अंशुल नेगी ने 97 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं उनकी बहन अंशिका ने 95 फीसदी अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहीं। 16 वर्षीय अंशुल जेईई मेंस की परीक्षा में भी पास कर चुके हैं और अब वह एडवांस की तैयारी में जुट गए हैं।


 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड बोर्ड कक्षा 10 और 12 के नतीजे घोषित हो गए हैं। हाईस्कूल का परिणाम 89.14 फीसदी रहा है। इंटरमीडिएट में कुल 82.63 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है।

10वी में पिथौरागढ़ की प्रियांशी रावत ने टॉप किया है। प्रियांशी रावत ने 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं। दूसरे नंबर पर रुद्रप्रयाग के शिवम मलेथा रहे हैं। जिन्होंने 500 में से 498 अंक हासिल किए हैं जबकि तीसरे नंबर पर पौड़ी के आयुष रहे, जिन्होंने 500 में से 495 अंक हासिल किए हैं। 

12वीं में अल्मोड़ा के पीयूष खोलिया और नैनीताल की कंचन जोशी ने टॉप किया है। इंटरमीडिएट में पीयूष ने 97.66 प्रतिशत अंक प्राप्त करके परीक्षा में टॉप किया है। इन्होंने 500 में से 488 अंक प्राप्त किए। वहीं कंचन जोशी ने भी 500 में से 488 अंक हासिल हुए है। दोनों ने श्रेष्ठता सूची में संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। वहीं 12वीं में अंशुल नेगी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अशुल को 500 में से 485 अंक प्राप्त हुए हैं तो हरीश चंद्र बिजलवान तीसरे पायदान पर रहे। उन्होंने 500 में से 480 अंक प्राप्त किए।

मेरिट में जुड़वा भाई- बहन

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट में रुद्रप्रयाग जिले के जुड़वा भाई-बहन ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया है। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में अगस्त्य पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र अंशुल नेगी ने 97 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं उनकी बहन अंशिका ने 95 फीसदी अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहीं। 16 वर्षीय अंशुल जेईई मेंस की परीक्षा में भी पास कर चुके हैं और अब वह एडवांस की तैयारी में जुट गए हैं।

अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ढौंढिक क्यूड़ी गांव निवासी भरत सिंह नेगी व शारदा नेगी की तीन संतानों में तीसरे अंशुल नेगी ने बताया कि उसने जो स्कूल में पढ़ाई की उसका घर में रिवीजन किया। बताया कि पढ़ने का कोई तय समय नहीं होता, जब मन करे तब पढ़ें और पूरे मनोयोग से पढ़ें, उसी से सफलता मिलना तय है। मेरा लक्ष्य सिर्फ पढ़ना था। कहा कि मेरी सफलता में मेरे विद्यालय, शिक्षक, माता-पिता और दोनों बहनों की अहम भूमिका है। अंशुल ने 500 में 485 अंक प्राप्त किए हैं।

अंशुल और अंशिका के पास मोबाइल नहीं है। पूरे शिक्षण सत्र में दोनों मेधावियों ने मोबाइल से दूरी बनाई। वहीं अपनी पढ़ाई के लिए भी इंटरनेट पर गूगल पर जानकारी जुटाने की बजाय किताबों का सहारा लिया। कभी कभार ही दोनों ने अपनी बड़ी बहन खुशी के मोबाइल पर यूट्यूब पर विज्ञान और गणित से जुड़े टॉपिक्स की जानकारी ली। खुशी बीएससी कर रही हैं, उन्होंने भी इंटरमीडिएट में 97 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। अंशुल के पिता भरत सिंह नेगी जीआईसी कमसाल में लिपिक हैं। जबकि माता शारदा देवी एक निजी विद्यालय में पढ़ाती हैं।

एयरफोर्स अफसर बनना चाहती है 10वीं टॉपर प्रियांशी

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में टॉपर प्रियांशी रावत का लक्ष्य एयरफोर्स अधिकारी बनने का है। प्रियांशी प्रतिदिन 3 से 4 घंटे नियमित पढ़ाई करती है। गणित का एक घंटे ट्यूशन पढ़ती थी। प्रियांशी ने बताया कि उसे मेरिट में आने का पूरा विश्वास था, परंतु आज जब उसे 500 में 500 अंक मिले तो वह चकित रह गई।

वैज्ञानिक बनना चाहते हैं 12वीं टॉपर पीयूष

12वीं बोर्ड परीक्षा के प्रदेश टॉपर अल्मोड़ा के विवेकानंद इंटर कॉलेज रानीधारा के छात्र पीयूष खोलिया का जीवन संघर्षमय रहा। छह साल पहले उन्होंने पिता को खो दिया। पीयूष भविष्य में वैज्ञानिक बनकर देश सेवा करना चाहते हैं। पीयूष ने बताया कि जब वह पांचवी कक्षा में थे तब उनके पिता केएस खोलिया का निधन हो गया था। केएस खोलिया भी विवेकानंद इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। माता भावना खोलिया विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम में शिक्षिका हैं। मां के संघर्ष ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

धामी ने लगाया फोन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफल छात्रों को बधाई दी है। धामी ने फोन कॉल कर टॉपर्स से बात कर इन सभी मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। धामी ने कहा कि यह उत्कृष्ट परीक्षाफल इन बच्चों के अथक परिश्रम, समर्पण एवं प्रतिबद्धता को परिलक्षित कर रहा है। समस्त प्रदेशवासियों को आप सभी पर गर्व है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे