उत्तराखंड में नवंबर में भी गर्मी का सितम, देर से आएगी सर्दी! बारिश-बर्फबारी के बाद भी नहीं गिर रहा तापमान
देहरादून: नवंबर का महीना खत्म होने की ओर है, लेकिन उत्तराखंड में सर्दी का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। आमतौर पर इस समय तक प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। नवंबर के तीसरे सप्ताह में भी मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की जा रही है। दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, वहीं रात में भी अपेक्षित ठंड नहीं पड़ रही है।
नवंबर में दस साल बाद 31 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
देहरादून में तापमान के आंकड़े मौसम में आए बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं। बीती 10 नवंबर को दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक था। खास बात यह है कि नवंबर में इतनी गर्मी करीब दस साल बाद दर्ज की गई।
इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद से इस बार भी दिन का तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
सुबह-शाम भी नहीं बढ़ रही ठंड
मौसम में बदलाव का असर केवल दिन के तापमान पर ही नहीं दिखाई दे रहा है। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। इसके चलते सुबह और शाम के समय भी ठंड का अहसास कम हो रहा है।
आमतौर पर नवंबर की शुरुआत से ही रातें ठंडी होने लगती हैं और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाती है। लेकिन इस बार मौसम का रुख इसके उलट बना हुआ है।
जलवायु परिवर्तन से बदल रहा मौसम का पैटर्न
पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पहले मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर से ही तापमान गिरने लगता था और नवंबर आते-आते ठंड बढ़ जाती थी। लेकिन अब मानसून के बाद भी कई बार लंबे समय तक मौसम शुष्क बना रहता है।
आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बारिश-बर्फबारी के समय में बदलाव तापमान के उतार-चढ़ाव को प्रभावित कर रहे हैं। जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के सामान्य पैटर्न में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ पर टिकी ठंड की दस्तक
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने के बाद मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरने लगता है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कमजोर रहने और पर्याप्त बारिश नहीं होने की स्थिति में ठंड बढ़ने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है।
फिलहाल मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम और तेज धूप को तापमान बढ़ने की प्रमुख वजह माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हवा की दिशा से तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ऐसे में उत्तराखंड के लोगों को कड़ाके की ठंड के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। नवंबर के अंतिम दिनों में भी सर्दी का असर कब बढ़ेगा, यह काफी हद तक आने वाले मौसमी बदलावों पर निर्भर करेगा।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






