उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा- दो कारों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Udhamsinghnagar

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा- दो कारों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर

accident


 उधमसिंह नगर ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में मंगलवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नानकमत्ता के दहला रोड स्थित हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हाईवे पर भिड़ीं दो कारें

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे दहला रोड हाईवे पर कार संख्या UK 06 AE 5310 और एक नई कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि नई कार को उसका मालिक हल्द्वानी के शोरूम से लेकर चम्पावत की ओर जा रहा था।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कारों में सवार लोग अंदर ही फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।

उपचार के दौरान युवक की मौत

सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दीपान्त सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल मनप्रीत सिंह (27) निवासी किच्छा और चन्द्रप्रकाश जोशी (35) निवासी चम्पावत का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे