उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
बाजूहेड़ी गांव के पास तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
टक्कर इतनी भीषण कि बाइकों के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलों की रफ्तार काफी तेज थी। आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
ये हैं मृतक और घायल
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के अनुसार बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार राजा (19) पुत्र अर्जुन सिंह, शिवम (19) पुत्र हंशलाल और जसवीर (24) पुत्र वीर सिंह, निवासी लक्सर क्षेत्र, पिरान कलियर से रुड़की की ओर आ रहे थे।
दूसरी मोटरसाइकिल पर ज्ञानू (27) पुत्र राजकुमार और दीपक कुमार (25) पुत्र सुशील कुमार, निवासी रोहाना कला, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), सवार थे। हादसे में राजा, जसवीर और दीपक कुमार की मौत हो गई। वहीं ज्ञानू को हायर सेंटर और शिवम को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और दोनों बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







