उत्तराखंड- दोस्त का जन्मदिन मनाने गए थे 5 दोस्त, 2 की नदी में डूबने से हुई मौत

  1. Home
  2. Uttarakhand

उत्तराखंड- दोस्त का जन्मदिन मनाने गए थे 5 दोस्त, 2 की नदी में डूबने से हुई मौत

river

उत्तराखंड के बागेश्वर से दुखद घटना की खबर मिली है। चमोली से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने आए युवक और उसके एक दोस्त की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई।


 

बागेश्वर (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के बागेश्वर से दुखद घटना की खबर मिली है। चमोली से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने आए युवक और उसके एक दोस्त की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार चमोली जिले में थराली तहसील के तुंगेश्वर लोल्टी गांव निवासी सूरज गुसाईं (28) पुत्र बलवीर सिंह का शुक्रवार को जन्मदिन था। बताया गया है कि वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए अपने चार साथियों लक्ष्मण सिंह निवासी लोल्टी, नीरज गुसाईं निवासी तुगेश्वर, मनोहर सिंह परिहार निवासी लोल्टी थराली और गब्बर सिंह (28) पुत्र मनवर सिंह निवासी ग्राम पंचायत तुंगेश्वर लोल्टी (थराली) के साथ जन्मदिन मनाने के लिए कुमाऊं के प्रसिद्ध नर सिंह मंदिर मैगड़ीस्टेट पहुंचा था।

 

बताया जा रहा है कि जन्मदिन की पार्टी के बाद पांचों गोमती नदी में नहाने के लिए गए। नहाते समय सूरज गुसाईं और गब्बर सिंह गहराई में चले गए। दोनों जब काफी देर तक नदी से बाहर नहीं आए तो तीनों साथियों को अनहोनी का अंदेशा हुआ और उन्होंने मदद के लिए बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई।

उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में डूबे दोनों युवकों को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पिंगलों के राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया। दुखद खबर से जहां मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है वहीं उनके गांव में भी मातम पसर गया है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे