उत्तराखंड आदि रंगोत्सव: खटीमा एकलव्य विद्यालय को 10 करोड़ की सौगात, हॉस्टल का काम जल्द
खटीमा(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के शुभारंभ से पहले रविवार को खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भव्य रोड शो निकाला गया। मुख्य चौराहे से नवीन सब्जी मंडी तक निकले रोड शो में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, सांसद अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
स्थानीय लोगों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए रोड शो का स्वागत किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं के रंग में रंगा नजर आया।
खटीमा एकलव्य विद्यालय के लिए 10 करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार की ओर से 10 करोड़ रुपये की सहायता मिलने पर आभार जताया। उन्होंने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और किरेन रिजिजू से पिथौरागढ़ में भी आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने बताया कि खटीमा के एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के विस्तार और सुविधाओं पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
विद्यालय में कुल 480 विद्यार्थियों, जिसमें 240 छात्र और 240 छात्राएं शामिल हैं, के लिए शिक्षा और आवास की सुविधा उपलब्ध होगी। केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणाम की भी सराहना की।
जनजातीय समाज के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जनजातीय क्षेत्रों में आवास निर्माण समेत कई विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समुदाय को रोजगार और प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का फोकस केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी पर भी है।
किरेन रिजिजू ने की उत्तराखंड की जनजातीय संस्कृति की सराहना
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातियों की परंपराएं उत्तराखंड को विशिष्ट पहचान देती हैं।
रिजिजू ने जनजातीय समाज से अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है।
देशभर की जनजातीय संस्कृति की दिखी झलक
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जनजातीय उत्पादों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलाकारों के साथ ढोल बजाकर कार्यक्रम का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकारों को सम्मानित किया। साथ ही खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की तिला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






