Uttarakhand: SIR प्रक्रिया के चलते कांग्रेस का बड़ा फैसला, परिवर्तन संकल्प यात्रा टली
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को देखते हुए देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित परिवर्तन संकल्प यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सत्यापन अभियान के दूसरे चरण को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। यात्रा की नई तारीखें 10 अगस्त के बाद घोषित की जाएंगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने बताया कि 2 से 5 अगस्त के बीच विकासनगर, सहसपुर, कैंट, राजपुर, धर्मपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम तय किए गए थे। हालांकि, राज्य में चल रही एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की मिल रही शिकायतों को देखते हुए इन कार्यक्रमों को फिलहाल टाल दिया गया है।
10 अगस्त के बाद होगा नया कार्यक्रम
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि परिवर्तन संकल्प यात्रा की नई तिथियों पर जल्द ही प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर फैसला लिया जाएगा। इसके बाद संशोधित कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि मतदाता सत्यापन अभियान का दूसरा चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में पार्टी का पूरा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से अनावश्यक रूप से न हटे।
कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बूथ लेवल एजेंट (BLA), विधानसभा प्रभारियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एसआईआर के दूसरे चरण में पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।
परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराने की मांग
प्रीतम सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून से दूरभाष पर संपर्क कर बूथ स्तर के अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उनका आरोप है कि अब तक संबंधित अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि एसआईआर के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी बूथ स्तर के अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरी हो सके। साथ ही किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे।
कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि निर्वाचन आयोग इस मामले में शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







