Uttarakhand: भूस्खलन से फिर बंद हुआ सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे, दो स्थानों पर मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित
रुद्रप्रयाग(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार सुबह सोनप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन और भारी बोल्डर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर मुनकटिया के पास भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे हाईवे बंद हो गया। वहीं, सोनप्रयाग से आगे घाटी की ओर सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने और सड़क का निचला हिस्सा कट जाने के कारण उस स्थान पर बेहद सावधानी के साथ यातायात संचालित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है। विभाग का प्रयास है कि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु किया जा सके।
खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं अलकनंदा और मंदाकिनी
लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले की प्रमुख नदियां अलकनंदा और मंदाकिनी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह अलकनंदा नदी का जलस्तर 627.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका खतरे का निशान 627.00 मीटर है। वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 626.50 मीटर पहुंच गया है, जबकि इसका खतरे का स्तर 626.00 मीटर निर्धारित है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। आपदा प्रबंधन विभाग, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी किनारों से दूर रहें और अनावश्यक रूप से नदी के आसपास जाने से बचें। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







