चारधाम यात्रा | यमुनोत्री धाम में पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, हैरान करने वाली वीडियो

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Uttarkashi

चारधाम यात्रा | यमुनोत्री धाम में पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, हैरान करने वाली वीडियो

uttarkashi

वहीं उत्तरकाशी पुलिस और जिलाधिकारी के फेसबुक पेज से यात्रा के दूसरे दिन का वीडियो शेयर करते हुए कहा गया कि यमुनोत्री धाम पर यात्रा सुचारू रूप से चल रही है, आज पैदल मार्ग पर जाम की कोई स्थिति नहीं है।


 

उत्तरकाशी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में 10 मई से चारधाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है लेकिन यात्रा के पहले ही दिन यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग के एक वीडियो ने सबकी नींद उड़ा दी है।

चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में किस कदर उत्साह है इसका ताजा उदाहरण ये वीडियो है, जिसमें लोगों की भारी भीड़ आगे बढ़ने के लिए जूझती नजर आ रही है। इस वीडियो को वहां मौजूद किसी शख्स ने रिकॉर्ड किया है, जिसके बाद से ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस वीडियो को देखकर न सिर्फ व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं बल्कि सशंकित भी नजर आ रहे हैं।


 

इस वीडियो से चार धाम यात्रा में क्राउड मैनेजमेंट को लेकर उत्तराखंड की धामी सरकार की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। यमुनोत्री धाम में भारी भीड़ उमड़ने के कारण जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग न आगे बढ़ रहे पा रहे थे, न पीछे जा पा रहे थे। ऐसे में श्रद्धालुओं को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। घोड़ा और खच्चर वाले अपने-अपने स्थान पर भी पहले दिन उतर नहीं पाए। पालकी वालों को भी कोई मदद नहीं मिली।

वहीं उत्तरकाशी पुलिस और जिलाधिकारी के फेसबुक पेज से यात्रा के दूसरे दिन का वीडियो शेयर करते हुए कहा गया कि यमुनोत्री धाम पर यात्रा सुचारू रूप से चल रही है, आज पैदल मार्ग पर जाम की कोई स्थिति नहीं है।

धामी सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चार धाम यात्रा के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्री अपना रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं। मौसम की जानकारी और समय-समय पर राज्य सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए टोकन और स्लॉट की व्यवस्था की जा रही है। पर्यटन विभाग ने चार धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा और निगरानी के लिए पर्यटक सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली का इंतजाम किया है।

आपको बता दें कि चारधाम यात्रा के पहले ही दिन करीब 45 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। केदारनाथ धाम में करीब 32 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

 चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही पंजीकरण का आंकड़ा 23 लाख के पार हो गया है। पर्यटन विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम चार बजे तक चारधाम यात्रा के लिए 23 लाख 57 हजार 393 पंजीकरण हुए थे। इनमें केदारनाथ के लिए सर्वाधिक आठ लाख सात हजार 90, बदरीनाथ धाम के लिए सात लाख 10 हजार 192, यमुनोत्री के लिए तीन लाख 68 हजार 302 और गंगोत्री के लिए चार लाख 21 हजार 205 पंजीकरण शामिल हैं।

अगर आप भी चारधाम यात्रा पर आने की सोच रहे हैं तो ध्यान रखें की चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य है, बिना पंजीकरण के आप यात्रा नहीं कर पाएंगे, साथ ही चारधामों की मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा की शुरुआत करें ताकि आप किसी भी तरह की परेशानी से बच सकें।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे