उत्तराखंड - यहां भीषण अग्निकांड, कई मकान जलकर राख, मची अफरा-तफरी
उत्तरकाशी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड से भारी तबाही मच गई।
आग की चपेट में आने से करीब 33 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। अग्निकांड के दौरान रसोई गैस सिलेंडर फटने से आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने आवास और जरूरी घरेलू सामान का संकट खड़ा हो गया है।
देखते ही देखते आग की चपेट में आए कई मकान
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को करीब 5 बजे पवाणी गांव के एक भवन में अचानक आग लग गई। गांव में अधिकांश भवन लकड़ी से बने होने के कारण आग तेजी से आसपास के मकानों में फैलने लगी। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
अग्निकांड के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से ग्रामीण आग पर काबू पाने में जुटे रहे। हालांकि, लकड़ी के भवनों में तेजी से फैलती आग के कारण ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। अग्निकांड में भवनों के साथ उनमें रखा घरेलू सामान भी नष्ट होने की आशंका है। नुकसान का विस्तृत आकलन प्रशासनिक स्तर पर किया जाना बाकी है।
घटनास्थल के लिए राहत एवं बचाव टीमें रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री भी भेजी जा रही है।
मोरी के तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। टीम से स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही नुकसान का आकलन कराया जाएगा।
सीएम धामी ने जताया दुख, हरसंभव मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को नियमानुसार राहत प्रदान करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे
गूगल न्यूज़
पर फॉलो करे






