तपोवन टनल में पानी का रिसाव, बनी कैविटी, श्रमिकों को मौके से हटाया गया
Chamoli News(उत्तराखंड पोस्ट) चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद अब तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में पानी के रिसाव और कैविटी बनने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद टनल की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी की तपोवन परियोजना के टीबीएम क्षेत्र की टनल में एक छोटी कैविटी बनने के साथ पानी का रिसाव हुआ। इसके बाद एहतियात के तौर पर वहां काम कर रहे श्रमिकों को मौके से हटा दिया गया।
कंपनी ने बताया सामान्य प्रक्रिया
घटना को लेकर कंपनी की ओर से कहा गया है कि टनलिंग के दौरान इस तरह की छोटी कैविटी का बनना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। कंपनी ने किसी संभावित खतरे की आशंका से इनकार किया है।कंपनी के मुताबिक, बरसात के मौसम में टनल के भीतर पानी का रिसाव होना भी असामान्य नहीं है। कैविटी और रिसाव वाले हिस्से का ट्रीटमेंट किया जा रहा है और इसके लिए दक्ष श्रमिकों को लगाया गया है।
पीपलकोटी हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद क्षेत्र में टनल निर्माण और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच तपोवन परियोजना की टनल में पानी के रिसाव और कैविटी का वीडियो सामने आने से लोगों का ध्यान इस ओर गया। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा स्थिति से किसी तरह के संभावित खतरे की बात नहीं है और प्रभावित हिस्से का उपचार किया जा रहा है।
फिलहाल श्रमिकों को प्रभावित स्थान से हटा दिया गया है और टनल के संबंधित हिस्से में आवश्यक ट्रीटमेंट का काम जारी है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







